बलिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के आर्य समाज रोड स्थित केनरा बैंक की शाखा में पैसा जमा करने गए एक कपड़ा व्यापारी के मुनीब से उचक्के 3.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना कपड़ा व्यापारी जसवीर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उचक्कों की तलाश शुरू कर दी है।
तहरीर में जसवीर सिंह ने बताया कि 21 दिसंबर को दुकान की बिक्री का पैसा केनरा बैंक आर्य समाज रोड शाखा में जमा करने के लिए मुनीब श्रीकिशुन गए थे। बैंक पर मुनीब से बजरंगी ऊर्फ गोलू और सोनू बिंद निवासी जापलिनगंज और दो अन्य लड़के मिले। चारों ने 3.50 लाख रुपये से भरा बैग ले लिए, लेकिन उन लोगों ने पैसा जमा नहीं किया। मुनीब बजरंगी उर्फ गोलू के घर गया लेकिन वह नहीं मिला। घटना की सूचना दूसरे दिन रविवार को कपड़ा व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर बैंक के आसपास के सीसी कैमरे को खंगाला जा रहा है।