बलिया। फेफना थाना के मिड्ढा गांव स्थित पोखरे में शुक्रवार को एक युवक डूब गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चट्टी पर स्थित देसी शराब की दुकान को हटाने की मांग करते हुए कोगड़वार-बलिया मार्ग को दो घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चट्टी पर शराब की दुकान से शराब पीने के बाद युवक नहाने गया था। होश खोने की वजह से वह डूब गया।
मौके पर पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, एएसपी कृपाशंकर, एसडीएम आत्रेय मिश्र, सीओ सदर मोहम्मत उस्मान, थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी, गड़वार व सुखपुरा पुलिस पहुंची। सड़क जाम करने वाले को समझाया। दुकान हटाने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
मिड्ढा गांव निवासी धनंजय चौहान (22) मजदूरी का काम करता था। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह मजदूरी के लिए उमरगंज गया था। दोपहर करीब एक बजे वह भोजन करने घर लौटा। देसी शराब की दुकान से शराब पीने के बाद नशे में पोखरे में नहाने लगा। नशे में होने के कारण गहरे पानी में जाने से डूब गया। दोपहर होने के कारण किसी की नजर नहीं पड़ी, काफी देर बाद एक व्यक्ति की सूचना पर पोखरे में धनंजय की तलाश की गई। ग्रामीणों ने जलकुंभी को साफ करने के बाद शव की तलाश की तो मिल गया।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोखरे में युवक के डूबने पर ग्रामीणों ने शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर सड़क जाम किया था। उन्हे समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।