विशुनपुरा। गुरु पूर्णिमा पर गुरु के दर्शन करने गए मालीपुर गांव निवासी शिक्षक बालमुकुंद शर्मा (45) की सर्प दंश से मौत हो गई।
सिकंदरपुर क्षेत्र के डूहा बिहरा में अद्वैत शिव शक्ति धाम मौनिया बाबा का समाधि स्थल है। जाे करीब तीन एकड़ में है और सरयू नदी से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। गुरु पूर्णिमा पर समाधि स्थल पर उभांव थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी शिक्षक बालमुकुंद अपनी पत्नी पूनम के साथ गए। शाम को समाधि स्थल परिसर के समीप बने पंडाल में पति-पत्नी खाना खाकर सो गए। पत्नी पूनम के अनुसार के रात करीब 11 बजे पति बालमुकुंद शर्मा को सर्प ने डस लिया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया।
बताया कि वहां करीब एक हजार लोग और थे, जो अलग-अलग स्थानों पर सोए थे। पत्नी ने बताया भीड़ में कोई सामान्य जंतु समझ कर अनदेखा कर दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद पति की हालत बिगड़ने लगी। बताया कि आसपास के लोगों ने मदद की। इलाज के लिए सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पत्नी पूनम, पुत्र सत्यम एवं शिवम व पुत्री पंचमी बेसुध नजर आए। बालमुकुंद शर्मा क्षेत्र के रामपुर कानून गोयान स्थित गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे।