बांसडीह रोड। टकरसन विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत टघरौली गांव में करीब दो महीने से 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफाॅर्मर जला होने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
समस्या का समाधान नहीं होने पर रविवार की शाम को बड़ी संख्या में ग्रामीण टकरसन विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और 63 केवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। चार घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की सूचना कई बार ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक इसे बदला नहीं गया। लगातार बिजली गुल रहने से गांव के सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हैं। पेयजल संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उमस भरी गर्मी में लोगों का जीवन कठिन हो गया है। रात के समय अंधेरे के कारण जहरीले सांप निकलने का भी खतरा बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव की बढ़ती आबादी और बिजली की खपत को देखते हुए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं है। ओवरलोड के कारण यह बार-बार जल जाता है, इसलिए स्थायी समाधान के लिए 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाना जरूरी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नया 63 केवीए ट्रांसफाॅर्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से तत्काल हस्तक्षेप कर गांव में 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर स्थापित कराने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में राजेश कुमार, अनिल कुमार, अजीत कुमार, प्रदुमन कुमार, बीरबल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद