नरहीं। लक्ष्मणपुर चौराहे के पास बुधवार को बाइक पर पेटी में शराब लेकर बिहार जा रहे शराब तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
लक्ष्मणपुर चौराहे के पास स्थित कंपोजिट शराब की दुकान से अंग्रेजी शराब की बोतल खरीदकर एक युवक पेटी में रखकर बाइक से जैसे ही लक्ष्मणपुर- कथरियां मार्ग पर पहंुचा, ग्रामीणों ने रोक लिया। उन्होंने पेटी खोलकर दिखाने के लिए कहा, जिसपर युवक ने विरोध जताया। युवकों ने जबरदस्ती पेटी खोली। अंग्रेजी शराब की अलग-अलग ब्रांड की कई बोतलें रखीं हुई थीं। आरोपी ने बताया कि यह शराब 25 हजार में लक्ष्मणपुर में स्थित शराब दुकान से खरीद कर अपने गांव डुमरांव ले जा रहा था।
उसने बताया कि दूसरी बार शराब लेने आया था। ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाकर शराब तस्कर को सौंप दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आबकरी विभाग ने बार्डर से सटे कई दुकानें दी है। जहां काउंटर सेलिंग कम होती है, उसके बावजूद वहां ब्रिकी लाखों करोड़ों की है। गोदाम से आने वाली शराब दुकान की जगह सीधे नाव से बिहार जा रही है। पूर्व में स्वाट टीम धरपकड़ करती थी, लेकिन इन दिनों उक्त टीम का पता नहीं चल रह है। थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि 29.6 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से बाइक व एक मोबाइल बरामद हुआ है। मुकदमा दर्ज कर उसे चालान कर दिया गया।