बिल्थरारोड। नगरा मार्ग पर जमुआंव गांव के पास घने कोहरे के चलते बोलेरो बुधवार को प्रात: सड़क किनारे खड़ी डंपर से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो सवार चोर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने एक घायल को गंभीरावस्था के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बिहार के गोपालगंज से वाराणसी बारातियों को लेकर बोलेरो आई थी। बारात से बोलेरो में चार लोग घर वापस लौट रहे थे। अत्यधिक कोहरा होने के कारण बोलेरो के चालक को सड़क किनारे खड़ा डंपर दिखाई नहीं पड़ा और बोलेरो डंपर से जा भिड़ी। हादसे में कुशीनगर निवासी 54 वर्षीय शिवशंकर तिवारी, 60 वर्षीय रमाशंकर गोड़ एवं गोपालगंज निवासी 54 वर्षीय नारायण राय, 35 वर्षीय पप्पू पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सीएचसी सीयर पर कराया गया। गंभीर स्थिति के चलते शिवशंकर तिवारी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। हालत गंभीर बनी हुई है।