बलिया। छात्र संघर्ष समिति की बैठक कुंवर सिंह पीजी कालेज के छात्रसंघ भवन में हुई। जिसमें 16 नवंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर छात्रों के विशाल प्रदर्शन की तैयारी पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने कहा कि टीडी कालेज के प्राचार्य उप्र सरकार की मंशा के विपरीत अनावश्यक व्यवधान पैदा कर छात्रसंघ चुनाव को रोकना चाहते हैं। जिससे छात्र समुदाय मर्माहत है। कहा कि टीडी कालेज छात्रसंघ बहाली के लिए हर संभव संघर्ष करने का ऐलान करता है और प्राचार्य के लोेकतंत्र विरोधी मंशा का विरोध करता है। छात्र प्राचार्य और जिला प्रशासन से अनुरोध करता है कि तत्काल छात्रसंघ चुनाव की घोषणा करते हुए नामांकन तथा चुनाव तिथि घोषित करें। जिला छात्र संघर्ष समिति के संयोजक मानवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि टीडी कालेज के प्राचार्य अपने छात्र विरोधी एवं लोकतंत्र विरोधी तेवर में बदलाव लाकर अगर छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं करते हैं तो छात्र अपने क्रांतिकारी तेवर के अनुरूप आंदोलन के माध्यम से प्राचार्य को मजबूर कर देंगे। कहा कि प्राचार्य छात्रसंघ चुनाव में व्यवधान डालकर अपने लूट के साम्राज्य को बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन छात्र संघर्ष समिति उनके मंशों को पूरा नहीं होने देगी।
इस मौके पर राकेश सिंह, प्रभुनाथ यादव, रितेश मिश्रा, भगवान सिंह, राणा प्रताप यादव, आशुतोष पांडेय, रणजीत निहाल, अरविंद गोंड, बब्लू यादव, ब्रह्मानंद सिंह, सुजीत सिंह, धर्मवीर सिंह, सुधा सिंह, वीर बहादुर यादव, कृष्ण प्रताप यादव, सुधीर सिंह, बाउल यादव, मंटू यादव, ललन, रमाकांत, राजकुमार यादव, संतोष गुप्ता, सुनील कुमार, ब्रजेश यादव, उपेंद्र सिंह, अशोक सिंह, रोहित कुमार आदि लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता मिथिलेश यादव एवं संचालन आनंद विक्रम सिंह ने किया।