बलिया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में कुहासे के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर तक धुंध छाई रही। गत दो दिनों से ठंड में इजाफा हुआ है। सुबह और शाम के समय गलन के साथ ही कोहरे से ग्रामीण इलाके घिर जा रहे हैं। कोहरे के चलते बुधवार को कई एक्सप्रेस ट्रेनें स्टेशन पर चार से पांच घंटे देर से पहुंचीं। इससे यात्रियों को भी फजीहत झेलनी पड़ी।
बुधवार को सुबह से ही कोहरे की चादर नगर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में फैली थी। दोपहर तक धुंध के चलते धूप का असर कम रहा। सुबह ठंड भगाने के लिए लोग अलाव तापते नजर आए। इस सीजन में मंगलवार से ठंड में इजाफा हुआ है। बुधवार को कोहरे के चलते सुबह में और अधिक ठंड रही। इससे आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। वहीं कोहरे के चलते कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी विलंब से गंतव्य स्टेशन पर पहुुंचीं। डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्र्रेस आठ घंटे विलंब से बलिया स्टेशन पर पहुंची।
डाउन सद्भावना एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से रही। अप साबरमती एक्सप्रेस सात घंटे विलंबित रही। इसी प्रकार डाउन उत्सर्ग एक्सप्रेस तीन घंटे, अप सद्भावना चार घंटे विलंब से पहुंचीं। पवन एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी एक घंटे से लेकर डेढ़ विलंब से स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनों के आवागमन में विलंब होने से बहुत से यात्रियों ने यात्रा स्थगित कर दी। इससे रेल राजस्व को नुकसान हुआ। सैकड़ों यात्रियों ने टिकट वापस भी कर दिया। ठंड के चलते लोग कांपते रहे।