सिकन्दरपुर । थाना क्षेत्र के दो गांवों में रविवार की रात पागल सियार ने हमला कर आधा दर्जन ग्रामीण सहित बकरी व गाय को काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
बताया जाता है कि सबसे पहले सियार ने आदमपुर गांव में घुस मकान के बरामदे में सोये शिवजी सिंह (80) पर हमला कर काट दिया, इसके बाद शेखपुर गांव में घुसा जहां मुख्तार (55), सुनील शर्मा (45), प्रभावती देवी (55) व रामबहादुर (53) के साथ ही राजेंद्र धोबी की गाय एवं रामनाथ व शब्बीर की एक बकरी को काट लिया। सियार के काटने की खबर पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई और रात में ही लोग सड़क पर निकल खोजबीन शुरू कर दिये लेकिन सियार का कहीं पता नहीं चल सका। जिसको लेकर ग्रामीणों में भय व दहसत व्याप्त है।