बांसडीह। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर्वतपुर में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने जिलाधिकारी, प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मंगलवार को एसडीएम को सौंपा। अभिभावकों ने मांग किया कि एक पखवारे से बंद चल रहे विद्यालय तत्काल चालू किए जाए। नहीं तो बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले शिक्षकों पर कार्यवाई की जाय।
बता दें कि गत 12 सितंबर को किसी बात को लेकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर्वतपुर में ग्राम प्रधान मुन्ना यादव व प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार के बीच हाथापाई हो गई थी। जिसमें दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर कोतवाली में दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने शिक्षक के तहरीर पर प्रधान मुन्ना यादव व गांव के ही राजेश यादव के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। वहीं प्रधान मुन्ना यादव के तहरीर लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है। घटना के बाद खंड शिक्षाधिकारी मोती चंद चौरसिया ने शिक्षक आशुतोष सिंह, अनिल कुमार, एकलव्य सोनी तथा अनुदेशक बृजेश व अनिता को बीआरसी पर अटैच कर दिया है। लेकिन इनके चक्कर में विद्यालय में पढ़ रहे 126 बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। बच्चों के भविष्य की चिंता को लेकर नाराज अभिभावकों ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंप विद्यालय खोलवाने की मांग की। वहीं बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले शिक्षकों के विरूद्घ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर दयाशंकर राजभर, वीरबल राजभर, नंदलाल राजभर, गौरीशंकर राजभर, सुभाष राजभर, अकलुदीन, हरेकृष्ण यादव आदि मौजूद रहे। इस बाबत बांसडीह एसडीएम संत कुमार ने बताया कि जल्द ही विद्यालय खुलवाया जाएगा। अगर शिक्षक विद्यालय नहीं खोलते है तो उनके विरूद्घ कार्रवाई की जाएगी।