बलिया। कुंवर सिंह महाविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष नितेश कुमार यादव के नेतृत्व में छात्रों ने बीए प्रथम वर्ष के अंक पत्र में त्रुटि के खिलाफ कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन किया।
छात्रनेता चंदन यादव ने कहा कि बीए प्रथम वर्ष के अंक पत्र पर कॉलेज के प्राचार्य व कुलपति का न तो हस्ताक्षर है और न ही मुहर है। इसके चलते छात्रों को भविष्य में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। कहा कि फर्जी विश्वविद्यालयों की तरह छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। बिना कॉपी जांचे ही छात्रों को कई विषयों में शून्य अंक दिया गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि बीए प्रथम वर्ष के अंक पत्र पर हस्ताक्षर मुहर नहीं होने से छात्रों को परेशान होना पड़ेगा। कहा कि कॉलेज प्रशासन की ओर से आए दिन नए नियम लगाकर छात्र का शोषण किया जा रहा है। कहा कि इसमें सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर राहुल कुमार यादव, इरशाद अंसारी, अनूप वर्मा, दुर्गेश सिंह, गोलू कुशवाहा, उपेंद्र वर्मा, अमित यादव, धर्मेंद्र कुमार, आदित्य पासवान आदि रहे।
उधर, कॉलेज के छात्रनेता अंकित कुमार सिंह के नेतृत्व में स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरु करने की मांग को लेकर मुख्य द्वार पर छात्रों ने कॉलेज के प्राचार्य का पुतला फूंका। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश यादव मोती ने कहा कि महाविद्यालय में स्नातकी व स्नातकोत्तञ प्रथम वर्ष में प्रवेश पूरा हो जाने के बाद भी महाविद्यालय प्रशासन कक्षाएं शुरू नहीं करा रहा है। इस मौके पर अभिषेक यादव बाबुल, रंजीत कुमार निहाल, मनोज यादव, पवन सिंह मंटू, अजीत ठाकुर, सनी सिंह, विशाल यादव, अनिल यादव, गोलू सिंह, सूरज वर्मा, नरेंद्र मिश्रा आदि रहे।