बलिया। मूलभूत नगरीय सुविधाएं एवं आवास योजना के तहत शासन ने नगर पंचायत चितबड़ागांव में लगभग 75 लाख की लागत से रंगीन इंटरलॉकिंग सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी है। डूडा की ओर से इसका प्रस्ताव बनाकर के शासन को भेजा गया था। निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए लगभग आधी धनराशि भी जारी कर दी गई है।
लंबे समय के बाद नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए शासन ने खजाने का मुंह खोल दिया है। नगर विकास अभिकरण डूडा की ओर से भेजे जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों में कोरोना काल से ही रोक लगी हुई थी। इस कारण से डूडा की ओर से नई डीपीआर भी नहीं भेजी जा रही थी। अब चुनावी वर्ष में शासन की ओर से डूडा की ओर से पहले भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृत किया जाने लगा है। इसी क्रम में चितबड़ागांव नगर पंचायत के तीन प्रस्तावों को स्वीकृत किया गया है। इसमें तीन स्थानों पर 73.63 लाख की लागत से रंगीन इंटरलाकिंग का कार्य कराया जाएगा। स्वीकृत प्रस्ताव में कस्बे में रेलवे लाइन तक, राजेंद्र नगर में और ब्राह्मी बाबा नगर में इंटरलाकिंग का कार्य कराया जाना है। निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए 36.81 लाख की पहली किस्त भी जारी की गई है। सहायक परियोजना अधिकारी अमरदेव की सिंह चौहान ने बताया कि पहले का प्रस्ताव भेजा गया था। नियमानुसार कार्य शुरू कराया जाएगा