बलिया। पंडित दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत चयनित नगर पंचायत बैरिया में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए शासन ने दूसरी किस्त के रूप में लगभग ढाई करोड़ रुपये की धनराशि और जारी की है। योजना के तहत नगर पंचायत में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। पहली किस्त में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। अब अधूरे एवं अन्य कार्यों के पूरे करने के लिए लगभग ढाई करोड़ रुपये और दिए गए हैं।
शासन की ओर से वित्तीय वर्ष 2018-19 में बैरिया नगर पंचायत का चयन पं. दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत किया गया था। योजना के तहत नगर पंचायत में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए चार करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसमें फरवरी 2019 में पहली किस्त के रू में 1.60 करोड़ की धनराशि नगर पंचायत को दी गई थी। इस धनराशि में नई सब्जी मंडी और गैस गोदाम के पास कुछ लाइट का काम हुआ है। कुछ अभी अधूरा पड़ा हुआ है। अखिलेश वर्मा के खेत से कुबेर के घर तक इंटरलाकिंग कार्य और मुन्ना मास्टर के घर से सीसी निर्माण कार्य सहित कई अन्य कार्य कराए गए थे। धनाभाव के कारण कई कार्य अभी रुके हुए हैं। अधिशासी अधिकारी आशुतोष कुमार ओझा ने बताया खाकी बाबा का पोखरा के जीर्णोंद्धार एवं सुंदरीकरण, देवराजब्रह्म मोड़ से बाबा धाम तक लाइट का काम प्रस्तावित है। 12 स्थानों पर इंटरलॉकिंग कार्य व पांच स्थानों पर सीसी कार्य प्रस्तावित है।
शासन ने शेष कार्यों के लिए योजना के तहत स्वीकृत धनराशि की दूसरी किस्त के रूप में 237.71 लाख की धनराशि और जारी की गई है। इससे प्रस्ताव में शामिल शेष कार्यों के जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। ईओ ने बताया कि पैसा खाते में आते ही कार्य शुरू हो जाएगा।