बलिया। शासन के निर्देश स्कूली बसों की जांच के लिए रविवार को जीरा बस्ती स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय पर शहरी क्षेत्र में चलने वाली 80 स्कूली बसों के दस्तावेज और फिटनेस की जांच की गई। इस मौके पर परिवहन अधिकारी अंजेश सिंह सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। चेकिंग के दौरान तीन गाड़ियां जहां बिना फिटनेस की पाई गईं, वहीं 12 वाहन बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट व दो वाहन बिना परमिट के मिले। इस पर एआरटीओ ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर प्रपत्र दुरुस्त कराकर प्रस्तुत करने को निर्देशित किया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आंजनेय सिंह ने बताया कि जिले में स्कूली बस के रुप कई स्कूल आज भी खटारा बसों के माध्यम से बच्चों को स्कूल ले जाने और ले आने का काम करते हैं। जबकि शासन की मंशा के मुताबिक स्कूली बच्चों को ढोने वाली बसों के वेलमेंटेन रखने का निर्देश जारी किया गया है। ऐसे में अभियान चलाकर इन खटारा बसों को रोकने का काम परिवहन विभाग का है। इसी क्रम में रविवार को शहरी क्षेत्र के साथ ही आसपास के इलाके में खुले स्कूलों में चलने वाली बसों का एआरटीओ कार्यालय पर बुलाकर जांच किया गया। निरीक्षण के समय तीन स्कूली वाहनों के फिटनेस नहीं पाया गया। संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी प्रपत्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए है। इसके बाद वे सुधार नहीं कराते है और स्कूल में संचालन जारी रखते तो अगले सप्ताह भी अभियान चलाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।