बलिया (लालगंज)। क्षेत्र के लच्छू टोला गांव में हजारों लोगों के भीड़ के बीच रविवार को अंतरप्रांतीय चेतक प्रतियोगिता में बिहार का दबदबा रहा। प्रथम व तृतीय स्थान पर बिहार प्रांत क भोजपुर जिला तथा द्वितीय स्थान पर वैशाली जिला के घोड़े ने बाजी मारी। विजेताओं को मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने शील्ड एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
चेतक प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद नीरज शेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से आए दर्जनों घोड़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता चार राउंड में आयोजित की गई। जिसमें प्रथम व द्वितीय स्थान आने वाले घोड़ों को फाइनल के लिए चयनित किया गया। जिसमें बिहार प्रांत के भोजपुर जिला के पंकज त्रिपाठी का घोड़ा प्रथम स्थान व वैशाली जिले के हाजीपुर के लोहा सिंह का घोड़ा द्वितीय स्थान तथा भोजपुर जिले के ही गुड्डू त्रिपाठी के घोड़े को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अंत में मुख्य अतिथि ने विजेताओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में गोपाल पांडेय, डिग्री सिंह, उदय सिंह, रुस्तम खान, जयकुमार सिंह रहे। इस मौके पर पूर्व विधायक जयप्रकाश अंचल व सुभाष यादव, पूर्व प्रमुख कन्हैया सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमेश्वर गिरी, राधेश्याम यादव सहित सभी प्रधान गण व सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।