गड़वार। क्षेत्र के जंगली बाबा धाम पर हथुआ स्टेट के राज परिवार के बहादुर मृगेंद्र प्रताप शाही का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन हुआ। जंगली बाबा सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रबंधक राहुल उपाध्याय की देखरेख में भव्य स्वागत किया गया।
बहादुर मृगेंद्र ने कहा कि वीरों की धरती बागी बलिया और जंगली बाबा धाम अपने आपमें एक अलौकिक है। मेरी दादी महारानी ज्ञानमंजरी कुंवरी बराबर जंगली बाबा धाम पर आकर आशीर्वाद लेती थीं। उनकी बदौलत आज मैं आप सबके बीच खड़ा हूं। ईश्वर ने मुझे धन वैभव सब कुछ दिया है, लेकिन आज जंगली बाबा धाम आकर मैं सुकून महसूस कर रहा हूं। इसके पूर्व मंदिर के पुजारी सुुरेश उपाध्याय ने जंगली बाबा के समक्ष हथुआ स्टेट का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन भी कराया। इस मौके पर संतोष गुप्त उर्फ गंगा, नेहरू आईटीआई के प्रबंधक अजय गुप्त, स्वाधीन गुप्त, हिंद ज्ञान अकादमी के प्रबंधक गुड्डू सिंह, एपेक्स् स्कूल के प्रबंधक धनंजय उपाध्याय, सुभाष उपाध्याय, पप्पू प्रजापति के अलावा सैकड़ों लोगों का जमावड़ा रहा।