हल्दी थाना क्षेत्र गायघाट गांव स्थित एक किराना दुकानदार के यहां से शुक्रवार की शाम 54 बोरी सरकारी खाद्यान्न पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। अधिकारियों की उपस्थिति में खाद्यान्न थाने लाया गया। अभी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी गया प्रसाद केसरी पुत्र दशरथ प्रसाद की किराने की दुकान है। शुक्रवार की शाम किराने की दुकान पर एक सस्ते गल्ले के दुकानदार पहुंचा और सरकारी खाद्यान्न उतारने लगा। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। हल्दी थाने के उपनिरीक्षक राधेश्याम सरोज व उपनिरीक्षक शिवमूर्ति तिवारी अपने हमराहियों को लेकर मौके पर पहुंच गए। कोटेदार व किराना दुकानदार भाग गए। पुलिस ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। बेलहरी ब्लाक के सप्लाई इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार मिश्र व नगरा सप्लाई इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्यवाई में जुट गये। पूछे जाने पर प्रभारी थानाध्यक्ष राधेश्याम सरोज ने बताया कि गया 28 बोरी चावल व 26 बोरी गेहूं पकड़ा गया है। कागजी कोरम पूरा करने के बाद अगली कार्रवाई होगी। अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।