नरही। नवयुवक संघ द्वारा नरहीं के खेल मैदान में 45वें बाबू राय फ़ुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुधवार को रेवतीपुर और पखनपुरा के बीच खेला गया। रेवतीपुर की टीम ने पखनपुरा की टीम को 2-1 से हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। फ़ाइनल मैच में मुख्य अतिथि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी एवं विशिष्ट अतिथि युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह रहे। दोनों ने खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार बांटे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। खेलने से स्वास्थ ठीक रहता है। युवाओं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना होगा, चाहे वह खेल का मैदान हो अथवा देश के लिए कुछ कर गुजरने का अवसर हो। उन्होंने कहा कि देश संकट में है, युवाओं को एक होकर देश निर्माण हेतु योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि फ़ुटबाल हमारा प्राचीन खेल है, हम लोगों को इस खेल को आगे ले जाने हेतु कार्य करना चाहिए। श्री सिंह ने विजयी हुई रेवतीपुर की टीम को बधाई दी, वहीं पखनपुरा की टीम को भविष्य हेतु अपने कौशल को और निखारने का मंत्र दिया। कहा कि युवाओं को गोलबंद होकर प्रजातंत्र में स्थापित हो रहे राजतंत्र के ख़िलाफ संघर्ष करना होगा ,नहीं तो आम नौजवान पिछड़ जाएगा। श्री सिंह ने फ़ुटबाल टूर्नामेंट की आयोजन समिति को युवा चेतना के तरफ से 21,000 रुपये का सहयोग दिया। समापन कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य अवधेश राय, युवा चेतना महासचिव अजय राय मुन्ना, दुबहर प्रखंड प्रमुख ज्ञानेंद्र राय गुड्डु, डा. अखिलेश राय, रघुपति सिंह, रणवीर सेंगर, अनिल तिवारी, चंद्रप्रकाश सिंह कफ़्र्यू, नरोत्तम बाग़ी, राजू बारी उर्फ विधायक, रविशंकर राय पप्पू, गुड्डु सिंह, मिनी ठाकुर, दीपक राय ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता प्रधान बब्बन राय ने किया। इस अवसर पर रजनीश राय, अशोक राय, अमरदेव राय, मोहित राय, विक्की राजभर, रामनारायण राय, शिवकुमार राय, अनंत राय, बैजनाथ राय, मनोज कुमार राय आदि उपस्थित रहे।