बलिया। दो वर्ष पहले सोशल ऑडिट के दौरान मनरेगा कार्यों में 46.22 लाख का गोलमाल सामने आया था। इसकी रिकवरी 50 ग्राम पंचायत सचिवों के अलावा प्रधानों व संबंधित ब्लॉक के मनरेगा टीए से होनी थी। लेकिन आज भी रिकवरी को लेकर अधिकारी केवल एक दूसरे को निर्देश देकर कोरम पूरा कर रहे हैं। जबकि सोशल ऑडिट टीम की रिपोर्ट पर इस धनराशि की वसूली के लिए जिला विकास अधिकारी ने मनरेगा उपायुक्त को पत्र भेजकर कार्रवाई करने को कहा था। डीडीओ ने एक बार फिर पत्र जारी कर रिकवरी करने को कहा है।
मनरेगा कार्यों की समय-समय पर सोशल ऑडिट करने का प्रावधान है। नियमानुसार सोशल ऑडिट में वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद निर्धारित धनराशि की वसूली कार्य में भूमिका निभाने वाले प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक आदि से करने की व्यवस्था है। वर्ष 2018-19 में जिले में कराए गए मनरेगा कार्यों की सोशल ऑडिट दो वर्ष पूर्व हुई थी। कुल 91 गांवों के कुल 102 कार्यों में कुल 4627738 रुपये की अनियमितता मिली और रिपोर्ट जिला विकास अधिकारी को दी गई थी। हालांकि बीच-बीच में कोरोना संक्रमण काल होने के कारण सोशल ऑडिट का काम भी प्रभावित रहा। सोशल ऑडिट में निर्धारित धनराशि की वसूली के लिए जिला विकास अधिकारी ने मनरेगा उपायुक्त को एक बार फिर पत्र भेजा है। बताया है कि त्वरित गति से वसूली की कार्रवाई किया जाना आवश्यक है। बताया है कि जिन कार्यों में अनियमितता मिली है उस कार्य के लिए दोषी ग्राम विकास अधिकारियों से वसूली की धनराशि निर्धारित कर उपलब्ध कराएं। इसके अलावा संबंधित प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारियों से वसूली जाने वाली धनराशि की सूचना डीपीआरओ को उपलब्ध कराएं। तकनीकी सहायकों से वसूली जाने वाली धनराशि अपने स्तर से प्रति कार्यवार दोषी कार्मिक से वसूली किस्तवार उनके वेतन से करें।
----------------------
15 ब्लॉकों के कुल 50 गांवों में मिली थी अनियमितता
- सोहांव ब्लॉक के महरेव, बीबीपुर व रामगढ़ में कुल 179615
- बेलहरी के बजरहां, मझौवा, कृपालपुर व पुरास- 205598
- पंहद के एकईल, मे उलीकनासपुर- 169099
- नवानगर के लिलकर गांव के आठ कार्यों- 316249
- मुरलीछपरा के सुकरौली- 113400
- दुबहर के छपरा- 99750
- सीयर के कुर्हातेतरा, तिरनई खुर्द व भुजैनी- 72197
- हनुमानगंज के माल्देपुर- 23275
- बैैरिया के मधुबनी, चाईछपरा, गोविंदपुर - 161200
- मनियर के बहदुरा, धसका, दियरा मनियर टुकड़ा नं-2 व रामपुर- 502220
- चिलकहर के बड़सरी, वीरपुर, बुढऊ, चिंतामणिपुर, कल्याणीपुर, नदौली पिपरही, नफरेपुर, पचहुंआ-627964
- नगरा के अब्दुलपुर मदारी, बरवांरत्तिपट्टी, भीमपुरा नं.2, इनामीपुर, जेठवार याकूबपुर, खंदवा, कोढागालिब पट्टी, मसूरिया, रघुनाथपुर, तुर्की दौलतपुर- 711440
- बांसडीह के हरदत्तपुर, केवटलिया कला, किर्तूपुर, रामपुर कला, रेंगहा, सरांक- 272280
- रेवती के तिवारी व छपिया- 85900
-----------------------------
वर्ष 2018-19 में हुई सोशल ऑडिट में मिली वित्तीय अनियमितता के सापेक्ष धनराशि की वसूली विभिन्न कर्मियों से की जानी है। पूर्व में भी पत्र भेजा गया था और एक बार फिर पत्र भेज कर वसूली की कार्रवाई करने को कहा गया है।
- राजित राम मिश्रा, डीडीओ, बलिया।