बलिया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बुधवार को विशेष चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया गया। 70 ई-रिक्शों को सीज किया गया और 582 ई-रिक्शा का चालान किया गया। 42 नाबालिग ई-रिक्शा चलाते हुए मिलने पर कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी यातायात श्यामकांत के नेतृत्व में प्रभारी यातायात गिरिराज सिंह ने अभियान के दौरान वाहन स्वामियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान हेलमेट पहनने,सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन बात नहीं करने के लिए चालकों को जागरूक किया गया। एचएसआरपी नंबर प्लेट की महत्ता से अवगत कराया गया। गर्मी में सीमित स्पीड से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान नियम विरुद्ध चलने पर 70 ई-रिक्शे सीज किए गए। 582 ई-रिक्शों का चालान किया गया। 42 नाबालिग ई-रिक्शा चलाते हुए मिलने पर कार्रवाई की गई। 22 ई-रिक्शा बिना नंबर के मिले। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभारी यातायात व सिविल लाइन चौकी प्रभारी बृजेश सिंह ने 375 ई-रिक्शों में दाहिनी तरफ की निकासी वाली जगह पर राॅड लगवाए गए।
तेज आवाज वाला साइलेंसर लगाने पर बुलेट सीज : मनियर पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर चल रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान तेज पटाखा जैसी आवाज या बंदूक की आवाज वाले साइलेंसर लगाकर चलने वाली बुलेट को सीज किया। चेकिंग के लिए रोकने पर चालक माफी मांगने लगा तथा उसके पास बुलेट की आरसी भी नहीं थी। बुलेट को सीज कर दिया गया।
इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ई रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दो दर्जन से अधिक चालान किया। थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बिना नंबर प्लेट, बिना दस्तावेज, नाबालिग चालकों तथा फिटनेस की जांच की गई। थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने बताया कि कई ई रिक्शा चालकों के पास वैध दस्तावेज नहीं थे, नाबालिग चालकों द्वारा ई रिक्शा धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है, कुछ के रजिस्ट्रेशन नहीं हैं। दो दर्जन ई रिक्शा का चालान किया गया है। संवाद