बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम पशु मेले में छठ पूजा बीतने के बाद गैर प्रांत के पशुओं के संग व्यापारियों के आने से मेला क्षेत्र गुलजार होने लगा है। नंदी ग्राम पशु मेले में खरीद-फरोख्त तेज होने से नगर पालिका की भी आमदनी में इजाफा हुआ है। पिछले साल की तुलना में अब तक के मेले में करीब तीन लाख रुपये की आमदनी अधिक हुई है। ऐसे में नंदी ग्राम अबतक मुनाफे में ही चल रहा है। जबकि नंदी ग्राम पशु मेले में मवेशियों के आने का क्रम जारी है।
छठ पूजा के बाद पंजाब, हरियाणा, बिहार, बंगाल सहित अन्य प्रांतों से पशु व्यापारियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। अब त्यौहार खत्म होने के लोगों की भीड़ मेले में उमड़ने लगी है। दूसरी ओर शहर के आसपास के लोग मेला परिसर में अपने पशु न ले जाकर सड़क किनारे ही बेच दे रहे हैं। इससे कदम चौराहे से लेकर टोल टैक्स तक वाहनों की रफ्तार धीमी हो जा रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मेले की आय बढ़ने से नगर पालिका प्रशासन भी काफी खुश है। पशु व व्यापारियों को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। प्रकाश व पानी की व्यवस्था में कर्मचारी जुटे हुए हैं। वहीं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अजय कुमार ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुन निस्तारण का निर्देश कर्मचारियों को दिया। नपा सूत्रों की मानें तो पिछले साल नंदी ग्राम पशु मेले में अब तक मात्र आठ लाख 36 हजार 370 रुपये ही आय हुई थी। जबकि इस साल नंदी ग्राम में मवेशियों के पंजीकरण तथा बिक्री के रुप में 11 लाख 11 हजार पांच सौ रुपये की आमदनी हुई है। जिसपर गौर किया जाय तो अब तक के आमदनी के आधार पर करीब तीन लाख अधिक आमदनी का अंदाजा है। ऐसे में नपा प्रशासन के लोग काफी खुश है।