बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में किसी भी पानी की टोटी से एक बूंद भी पानी नहीं टपक रहा है। जिससे शौचालय से गंदगी की दुर्गंध आने लगी है। आम यात्रियों से लेकर रेल कर्मचारियों तक पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर का मौजूदा समय में कायाकल्प करने की रेल प्रशासन ने पूरी कोशिश की है। यहां काफी हद तक सुंदरीकरण कार्य हुआ भी है। लेकिन बिग्रेड दर्जा प्राप्त सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन को पानी व शाम ढलने के बाद प्रकाश की व्यवस्था मुंह चिढ़ा रही है। रानीगंज बाजार के युवा व्यापार मण्डल अध्यक्ष रोशन गुप्ता ने कहा कि सांसद निधि से लगा आरओ आये दिन खराब रहता है। जिससे शुद्ध पानी के लिए यात्री भटकते है। वहीं चार माह से पूरे स्टेशन परिसर का पानी गायब हो गया है। आलम यह है कि दोनों प्लेटफार्म पर लगे टोटी से एक बूंद भी पानी नहीं टपक रहा है। व्यापारी रियाज अंसारी ने कहा कि भले ही स्टेशन पर विकास कार्य किये गए है, लेकिन शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। ऐसे में सारे विकास को अंधेरा मुंह चिढ़ा रहा है। रेलवेकर्मियों का कहना है कि प्लेटफार्म पर पीने के पानी और न शौचालय में पानी की व्यवस्था है। ऐसे में ड्यूटी कैसे किया जाय समझ से परे है। इस बाबत सुरेमनपुर स्टेशन अधीक्षक एपी मिश्र ने कहा कि प्लेटफार्म पर पानी की समस्या है। इसके लिए उच्चाधिकारियों व तकनीकी विभाग को सूचना दे दी गई है।