बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला के नंदीग्राम पशु मेले में दुधारू पशुओं के साथ ही जरसी और विभिन्न नस्लों के बछियों के आवक से मेले की चहल-पहल बढ़ गई है। जिसके चलते मेला अब गुलजार दिखने लगा है। मेले में हरियाणा, पंजाब से भी भैंस और गाय की विभिन्न प्रकार की नस्लें आई हैं। मेले में सात लाख की भैंस भी पहुंच चुकी है, जो मेले में चर्चा का विषय बना हुआ है। पशुपालक की मानें तो यह भैंस एक दिन में करीब 40 लीटर दूध देती है।
हर साल लगने वाला कार्तिक मास का नंदीग्राम पशुमेला कार्तिक पूर्णिमा तक गुलजार रहता है। मेले में हल्दी क्षेत्र के जवहीं से अपने दुधारू पशुओं को लेकर आए गुड्डू चौबे ने बताया कि वह इस साल सात लाख की भैंस लेकर मेले में आए हैं। इसके अलावा जरसी नस्ल की कई गाय भी मेले में ले आए हैं। मेले में आने वाले व्यापारियों का मानना है कि उन्हें मवेशी लाने के लिए लाइसेंस जारी किया जाता है। अगर जिस व्यापारी के पास लाइसेंस नहीं है। उनके लिए मवेशियों को लाना बहुत टेढ़ी खीर है।