मंगल पांडेय विचार मंच के तत्वावधान में मंगलवार को विचार मंच के कार्यालय पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में निष्क्रिय जनप्रतिनिधियों को वापस बुलाने के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मंगल पांडेय विचार मंच के अध्यक्ष कृष्णकांत पाठक ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान जनपद के सभी विधानसभाओं में चलाया जाएगा । जिसे भारत के राष्ट्रपति प्रधान-मंत्री एवं चुनाव आयोग को भेजकर जनता के हित में कानून बनाने की दिशा में पहल करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधि किसी तरह जनता को लुभा कर चुनाव तो जीत जा रहे जो पांच वर्षों तक जनता की सेवा करने के बजाय उनके बीच जाना भी मुनासिब नहीं समझते हैं । ऐसे में क्षेत्र की जनता अपने जनप्रतिनिधियों के प्रति कुछ नहीं कर पाती । वह अपने निर्णय पर महज अफसोस करती रहती है। ऐसी परिस्थिति में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जनता को जनप्रतिनिधियों को वापस बुलाने का अधिकार हर हाल में मिलना चाहिए। इसके लिए मंगल पांडेय विचार मंच बलिया जनपद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाकर भारत के महामहिम राष्टपति प्रधान-मंत्री एवं मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर इस तरीके के कानून बनाने की पुरजोर वकालत करेगा। कहा कि जनता के सुख दुख और समस्याओं की दिन-रात लड़ाई लड़ने की दुहाई दे रहे जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाने से परहेज कर रहे हैं । समस्याएं क्षेत्र में आए दिन मुहं बाए खड़ी हैं। जनता किसके दरवाजे पर जाए वह अपने को ठगा ठगा सा महसूस कर रही है। कहा कि ऐसा कानून बन जाने से जनप्रतिनिधियों के अंदर एक भय का वातावरण बनेगा।। वह जनता से चाहकर भी दूर नहीं जा सकते और उनकी समस्या और लड़ाई के लिए सदैव तत्पर रहेंगे । इस मौके पर अंजनी सिंह, नरेंद्र यादव, अख्तर अली, डा. सुरेश चंद प्रसाद, विवेक सिंह सहित अनेकों लोग उपस्थित रहे।