इंदरपुर। नगर पंचायत नगरा की 25 हजार आबादी इस भीषण गर्मी में स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान है। कारण है कि यहां की एक करोड़ की लागत से बनी पानी टंकी अब तक चालू ही नहीं हो सकी है। वर्ष 2020 में जब नगरा को नगर पंचायत का दर्जा मिला तो नगरवासियों को लगा कि अब टंकी चालू हो जाएगी। समय बीतता गया और लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता गया। नगर पंचायत ने लाखों खर्च कर टंकी की रंगाई-पोताई तो करा दी, क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की जगह नई पाइप लाइन बिछा दी गई, लेकिन टंकी को चालू कराने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पानी टंकी का लोकार्पण वर्ष 2006 में हुआ था। बाजार में बिछाई गई पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज हो गया था। जब भी नलकूप चालू किया जाता था, पानी सड़कों पर फैल जाता था। नगर पंचायत की ओर से नई पाइप लाइन भी बिछा दी गई। अभी तक किसी के घर में साफ पानी नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। लोगों को स्वच्छ पेयजल की आवश्यकता है। ऐसे में टंकी को चालू न होने से नगर वासियों को काफी दिक्कत होती है।
-
पानी टंकी के संबंध में जल निगम के जेई से जानकारी ली जाएगी। वैसे टंकी की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। अब नगर पंचायत नगरा में हर घर नल योजना के तहत पाइप बिछाने का कार्य चल रहा है। कार्य पूर्ण हो जाने के बाद नगरवासियों को स्वच्छ जल मिलना शुरू हो जाएगा। - मनोज कुमार पांडेय, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत नगरा