बलिया। जिले में शनिवार को कड़ी सुरक्षा और कोविड नियमों का पालन कराते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंक सुधार परीक्षा प्रारंभ हुई। इसमें पहले दिन 204 परीक्षार्थियों ने इम्तिहान छोड़ दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ब्रजेश मिश्र ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा के लिए जिले में बने छह केंद्रों पर दोनों पालियों में 549 छात्र पंजीकृत थे। इनमें पहली पाली में पंजीकृत 165 छात्रों में से 63 छात्र अंक सुधार परीक्षा में अनुपस्थित रहे। 102 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। डीआईओएस ने बताया कि दूसरी पाली में पंजीकृत 384 अभ्यार्थियों में 243 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बताया कि परीक्षा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षार्थियों को कक्ष में बैठाया गया और छात्रों ने शारीरिक दूरी के साथ मास्क लगाकर परीक्षा दी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 बजे से 10.15 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4.15 बजे तक हुई। स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा पर नजर रखी।