बैरिया। सुरेमनपुर-बैरिया सड़क मार्ग के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का कार्य आज भी अधूरा पड़ा हुआ है। पीडब्लूडी की ओर से सड़क पर भवन निर्माण कर अतिक्रमण करने वालों को दो बार नोटिस दिए जा चुका है। लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटा है। अभी तक 80 फीसदी सड़क निर्माण तो हुआ है लेकिन पुलिया व सड़क के किनारे पटरियों के निर्माण के अलावा आबादी क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य अब तक शुरु नहीं हो सका है। जिससे दुकानदारों व आमलोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिया-सुरेमनपुर करीब पांच किमी सड़क को द्वाबा का लाइफ लाइन रोड भी कहा जाता है। लोगों की मांग पर इस सड़क का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का कार्य नवंबर 2016 में करीब 11 करोड़ की लागत से शुरु हुआ था लेकिन यह कार्य सुस्त गति से चलते व रुकते हुए अब तक केवल 80 फीसदी सड़क का काम पूरा हुआ है। निर्धारित नियमों के तहत सड़क निर्माण के अलावा पुलिया निर्माण, सड़क के दोनों किनारे पटरियों का निर्माण, आबादी वाले क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य होना है लेकिन दो साल बाद भी यह शुरु नहीं हो सका है। विभाग की ओर से अधूरे पड़े शेष 20 फीसदी सड़क निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया है। नोटिस के बाद कब प्रशासन अतिक्रमण हटवाने में सफल होगा यह बताना मुश्किल है। पीडब्लूडी के जेई आशुतोष शुक्ला ने बताया कि सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए अब तक दो बार नोटिस दिया गया है। एक माह में अतिक्रमण हटवाकर सड़क निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ मिट्टी भरकर पटरियां बनेगी और आबादी वाले क्षेत्र में जहां जमीन मिलेगी वहां नाली निर्माण कार्य किया जाएगा।