विधानसभा सामान्य निर्वाचन में लगाये गये कार्मिकों के प्रशिक्षण के दूसरे दिन भी 1951 कार्मिकों को मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने के टिप्स दिये गये। उप निदेशक कृषि टीपी शाही की देखरेख में चल रहे प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने ईवीएम मशीन, बैलेट पेपर, टेंडर वोट आदि के बारे में बताया।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन भी दो पालियों में एक-एक हजार सहित कुल दो हजार कर्मियों को ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया था। लेकिन पहली पाली में 27 और दूसरी पाली में 22 कर्मी अनुपस्थित रहे। प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ संतोष कुमार ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए बताया कि इन सभी अनुपस्थितों का सबसे पहले वेतन रोक दिया जाएगा।
साथ ही शहर कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज करायी जाएगी। यह भी कहा कि इन सब कार्रवाई के बाद भी आगे कोई अनुपस्थित होता है तो और बड़ी कार्रवाई हो सकती है। प्रशिक्षण के दौरान उप निदेशक कृषि टीपी शाही, पीडी आरके त्रिपाठी, भूमि संरक्षण अधिकारी संजेश श्रीवास्तव, पीई रणधीर सिंह, अविनाश उपाध्याय आदि का विशेष सहयोग रहा।