बलिया। सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए आजादी के बाद से कोई योजना नहीं बनाई गई। स्थिति यह है कि घाघरा नदी का कटान विकराल रूप लेता जा रहा है। हर साल किसानों का करोड़ों रुपये घाघरा के बाढ़ के पानी के चलते बर्बाद हो जाता है। जिले का विकास न होना अब तक की सरकारों के उदासीनता को दर्शाता है। ये बातें सलेमपुर की प्रसपा प्रत्याशी पूजा पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
कहा कि यहां युवाओं में क्षमता होने के बाद भी उनकी मेधा को तराशने के लिए कोई तकनीकी विश्वविद्यालय नहीं है। अस्पतालों में दवा और डॉक्टर नहीं है। निजी स्कूलों में अभिभावकों का शोषण किया जा रहा है। विकास के जो वादे किए गए थे उन्हें अमली जामा नहीं पहनाया जा सका। कहा कि सलेमपुर संसदीय क्षेत्र में मैंने विकास का जो ताना-बाना बुना है। उसे हर हाल में पूरा कराया जाएगा। बेरोजगारों को रोजगार दिलाना अहम मुद्दा है। बिजली, पानी सड़क और गरीबी को मैने दृढ़ता से लिया। जबतक इन बिंदुओं पर काम नहीं होगा देश की जनता सुखी नहीं होगी।