बलिया। बीमारी का हवाला देकर चुनावी ड्यूटी से मुक्त करने का प्रार्थनापत्र देने वाले कर्मचारियों की मेडिकल बोर्ड ने जांच की और इनमें स्वस्थ पाए गए कर्मचारियों की सूची शनिवार को विकास भवन परिसर में चस्पा कर दी गई। तीन दिनों तक हुई जांच में 180 में से 59 कर्मचारियों को चिकित्सकों की टीम ने पूरी तरह स्वस्थ पाया। इन कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगाई जाएगी।
चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कई कर्मचारियों ने खुद के बीमार होने की बात करते हुए चुनाव ड्यूटी से मुक्त करने के लिए आवेदन किया था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मेडिकल बोर्ड का गठन कर तीन दिनों तक कर्मियों का परीक्षण कराया। दूसरे चरण के प्रशिक्षण के बीच तीन दिनों तक विकास भवन के सभागार में मेडिकल बोर्ड बैठी। पहले दिन 56 कर्मचारियों के सापेेक्ष 12 कर्मचारी बीमार नहीं मिले तो दूसरे दिन 68 कर्मचारियों के सापेक्ष 23 कर्मचारी बीमार नहीं मिले। अंतिम दिन शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड के सामने कुल 56 कर्मचारी प्रस्तुत हुए जिसमें 24 कर्मियों को चिकित्सकों की टीम ने फिट माना। तीन दिनों तक हुए चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शनिवार को ड्यूटी लायक मिले कर्मियों की सूची कार्मिक प्रभारी की ओर से जारी करते हुए चस्पा कर दी गई। इस बाबत सीडीओ बीएन सिंह ने कहा कि मेडिकल बोर्ड में फिट मिले कर्मियों की सूची जारी कर दी गई है। संबंधित कर्मचारी प्रशिक्षण में लेकर ड्यूटी करेंगे अन्यथा इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।