सिकन्दरपुर। पुलिस चौकी सिकंदरपुर के प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने कर्तव्य निष्ठा का जो नमूना पेश किया वह अन्य पुलिस के साथ ही लोगों के लिए भी मिसाल से कम नहीं। उन्होंने सड़क पर गिरे मिले बैग में एक लाख रुपये नकद व अन्य सामान पाया था, जो उसके मालिक को लौटा दिया।
बताया जाता है कि 20 अक्तूबर की शाम चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय अपने घर बासगांव (गोरखपुर) से सिकंदरपुर आ रहे थे कि बड़हलगंज रोड पर पहुंचे बीच रोड पर एक प्लास्टिक का थैला दिखा। उस थैला को उठाकर चेक किया तो उसमें लगभग एक लाख रुपये नगद और एक पर्स था, जिसमें एक एटीएम कार्ड (पिन सहित), आधार कार्ड, वोटर कार्ड व कुछ जरूरी कागजात थे। वह सिकंदरपुर चौके पर पहुंचने के बाद उस थैला के मालिक की तलाश में लग गए। पर्स में मिले कुछ मोबाइल नंबरों के आधार पर चौकी प्रभारी ने सभी को फोन करते हुए 25 अक्तूबर को उक्त थैला के मालिक को ढूंढ निकाला और फोन करके सिकंदरपुर बुलाया। थैला के मालिक अखिलेश गुप्ता पुत्र महाजन गुप्ता निवासी गजाईकोल थाना झंगहा जिला गोरखपुर 28 अक्टूबर की दोपहर सिकंदरपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे और अपना सारा सामान सुरक्षित पाकर खुशी से फूले नहीं समाए। अखिलेश ने बताया कि नवरात्रि के दौरान वो अपने गांव गजाईकोल से गोला बाजार गोरखपुर के लिये बाइक से जा रहे थे कि उसी दौरान बड़हलगंज रोड पर उनका रुपयों से भरा थैला कहीं गिर गया था।