बलिया। रक्षाबंधन पर्व के दिन नगर में निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा निकालने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। जुलूस में करतब दिखाने वाले युवा अपने-अपने गुरुओं के निर्देशन में विभिन्न करतब सीखे। उधर, जिला प्रशासन व पुलिस महकमा भी जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमर कस लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर जनपद व गैर जनपद से आए पुलिसकर्मियों व पीएसी के जवानों को नगर के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है, जो रविवार को निर्धारित समय से अपने-अपने नियत स्थान पर तैनात हो जाएंगे। जबकि नगर के विशुनीपुर चौराहा स्थित जामा मस्जिद पर जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत एवं पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अखाड़ेदारों के साथ बैठक कर मानक निर्धारित किया है। इस दौरान डीएम ने बिजली, पानी व नगर की साफ-सफाई रखने की हिदायत संबंधित विभाग को बैठक में दे चुके हैं। उधर, नगर के विभिन्न अखाड़ेदार अपने जुलूस को भव्यता प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रकार की झांकियां तैयारी करने में रात-दिन लगे हुए हैं। जुलूस के दौरान करतब दिखाने वाले युवा अपने गुरुओं के सानिध्य में विभिन्न प्रकार के खेलों का अभ्यास किया। सुरक्षा के मद्देनजर विशुनीपुर स्थित जामामस्जिद के चारो तरफ बैरिकेटिंग की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा, खुफिया विभाग के साथ ही भारी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस एवं पीएसी के जवान जगह-जगह मौजूद रहेेंगे। जिला प्रशासन ने महावीरी झंडा जुलूस के अखाड़ेदारों से अनुरोध किया है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जो मानक तय किया गया है, उसे अक्षरश: पालन करने का काम करेंगे। ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की कोई अड़चन न हो सकें।
नगर में चार पहिया वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित
बलिया। रक्षाबंधन पर्व पर नगर में निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस के दौरान छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसकी जानकारी देते हुए यातायात प्रभारी सुरेश चंद्र दुबे ने बताया कि नगर में बैरिया, सिकंदरपुर, भरौली एवं रसड़ा की ओर से आने वाले ट्रक व बस फेफना-गड़वार-सुखपुरा के रास्ते जाएंगे। जबकि भरौली व रसड़ा की ओर से सवारी ढोने वाले चार पहिया वाहन माल्देपुर मोड़ पर रुकेंगे। इसी प्रकार बैरिया की ओर से सवारी लेकर आने वाले चार पहिया वाहन कदम चौराहा, बांसडीह की ओर से आने वाले सवारी वाहन एनसीसी तिराहा, सिकंदरपुर की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन बहादुरपुर, नगरा की ओर से सवारी लेकर आने वाले वाहन गड़वार तिराहे पर रुकेंगे। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों का भी नगर में जुलूस के दौरान प्रवेेेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।