बलिया। मंडुवाडीह स्टेशन के यार्ड रिमाडलिंग के मद्देनजर 20 दिसम्बर से 06 जनवरी, 2019 तक नान इंटरलाकिंग कार्य के कारण विभिन्न गाड़ियों का निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, शार्ट-टर्मिनेशन, टर्मिनल परिवर्तन किया गया है। इसके तहत छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी अप एवं डाउन में बलिया से वाराणसी सिटी के मध्य निरस्त रहेगी। पैसेंजर ट्रेन से वाराणसी तक की यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें अब अन्य साधनों के जरिये यात्रा करनी होगी।
जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि पूर्व सूचना में शार्ट टर्मिनेटेड वाराणसी सिटी-छपरा सवारी गाड़ी सं-55131/55132 औड़िहार-वाराणसी सिटी के मध्य निरस्त कर औड़िहार स्टेशन से ओरिजनेट एवं शार्ट-टर्मिनेट होना था, इसमें परिवर्तन किया गया है अब यह गाड़ी बलिया स्टेशन से ही ओरिजनेट एवं शार्ट-टर्मिनेट होकर छपरा तक चलेगी एवं बलिया वाराणसी सिटी के मध्य निरस्त रहेगी। मालूम हो कि छपरा-बलिया के बीच विद्युतीकरण का कार्य भी पूरा हो गया है। कुछ स्थानों पर तकनीकि फाल्ट है, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों की माने तो कुछ ही दिनों में इस मार्ग पर भी बिजली से ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। बलिया से वाराणसी सिटी के बीच डेमू सवारी गाड़ी का संचालन हो रहा है, ऐसे में छपरा से बलिया के बीच भी विद्युतीकरण का कार्य संपन्न होने के बाद ट्रेनों का संचालन छपरा से ही होने लगेगा, जिसका फायदा यात्रियों को भी मिलेगा।