रसड़ा (बलिया)। देवस्थली विद्यापीठ के शेखर ऑडिटोरियम में शनिवार को हास्टल डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। हास्टल के छात्र-छात्राओं ने मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत कर सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर एवं विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू, डॉ. नवीन सिंह सूर्यबली सिंह, कृपाशंकर सिंह , प्रधानाचार्य डॉ. पीसी श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित एवं द्वीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद शेखर ने कहा कि छात्र समेत लोग प्रश्न करना सीख जायें तो समाज बदल सकता है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ साथ खेलकूद में भी अग्रणी रहने का आह्वान किया। कहा कि अपने आप स्वयं को बदल कर ही समाज एवं राष्ट्र का बेहतर निर्माण किया जा सकता है। रविशंकर सिंह पप्पू ने कहा कि बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण करके ही अपना भविष्य संवार सकते हैं।
छात्र छात्राओं ने डांस, डांडिया, राजस्थानी एवं एकांकी प्रस्तुति कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 10 का छात्र ह्रतिक भारती ने सामाजिक व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाया। वहीं अंधेर नगरी चौपट राजा एकांकी प्रस्तुत कर लोगों का हंसाया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की प्रस्तुति कर अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। सैफ खान, सुमित, प्रियांशु , अंतिमा , साक्षी, सुमैया , खुशबू जोया एवं गरिमा ने अपनी कला से खूब सुर्खियां बटोरी। इस मौके पर अवधेश सिंह, चंद्रमा सिंह, राणा सिंह, डॉ इंदु सिंह, बीके सिंह, धीरेन्द्र सिंह, पीएन सिंह, अमित पाण्डेय आदि रहे। संचालन सोनाली सिंह एवं रितिक रोशन ने किया।