फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वसुंधरा मार्केट में लगी आग से दो करोड़ का नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। बलिया रेलवे स्टेशन से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित वसुंधरा मार्केट के एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में शुक्रवार की देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते मार्केट की 22 दुकानें धधक उठीं। इलेक्ट्रानिक दुकानों में खासकर आग भड़की। घटना की सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली संग आला अधिकारी भी मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य में लगे पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए। अग्निशमन व पुलिसकर्मियों के अथक प्रयास के बाद भोर में जाकर आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अगलगी में करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
विज्ञापन

वसुंधरा मार्केट में कुल 22 दुकानें हैं, जिसमें दुकान नंबर तीन में नंदिनी इलेक्ट्रानिक है। बिहार प्रांत के छपरा निवासी मनन इसके मालिक हैं। प्रतिदिन की तरह रात को मनन दुकान बंद कर धर चले गए। इस बीच रात करीब साढ़े नौ बजे मनन की दुकान से धुुआं निकलने लगा, जिसकी सूचना पड़ोसी दुकानदारों ने उसे दी। सूचना मिलते ही वह दुकान पर पहुंचा, लेकिन दुकान की चाबी लाना भूल गया। फिर वह दुकान की चाबी लेने घर गया, जिसमें काफी समय लग गया। इस बीच आग विकराल रूप धारण कर पड़ोस की दुकान पापुलर इलेक्ट्रानिक्स तक पहुंच गई। पापुलर इलेक्ट्रानिक्स दुकान में पेंट का कार्य दिन में हुआ था। पेंट की वजह से आग और विकराल हो गई और देखते ही देखते मार्केट की 22 दुकानों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंची। उधर, एसपी श्रीपर्णा गांगुली, एएसपी विजयपाल सिंह, सीओ सिटी एके सिंह, सदर कोतवाल शशिमौलि पांडेय सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। जान जोखिम में डालकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई। उधर, रात होने की वजह से आग पर काबू करने में कर्मियों को परेशानी हुई। धुएं की वजह से स्पष्ट आग का अंदाजा नहीं लग पा रहा था। आग प्रथम मंजिल पर स्थित गोदाम तक पहुंच गई, जिसे अग्निशमन एवं पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए काबू में किया। इस अगलगी में 22 दुकानों में रखे इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रानिक्स के कीमती सामान जलकर राख हो गये, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। शनिवार की सुबह शहर लेखपाल महीप किशोर नेे पीड़ित दुकानदारों की सूची तैयार किया और नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल ने बताया कि अगलगी से करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि वसुंधरा मार्केट के मुंह पर स्थित शराब की दुकान सुरक्षित बच गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें