बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को यादगार बनाने के लिए विभिन्न समितियों, स्कूल, कालेजों और प्रशासनिक महकमे जबरदस्त उत्साह है। बुधवार को जनप्रतिनिधि से लेकर अफसर, कर्मचारी, युवा और बच्चे एक साथ योग करते नजर आएंगे। इसका गवाह बनेगा शहर का वीर लोरिक स्टेडियम, जहां हजारों की संख्या में लोग योग, प्राणायाम और साधना को जीवन में उतारने का संकल्प लेंगे। पतंजलि योग समिति की अगुवाई में होने वाले कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो गई है। मंगलवार को स्टेडियम में जिला प्रभारी हृदयानंद की अगुवाई में रिहर्सल भी हुआ।
भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को वीर लोरिक स्टेडियम के साथ ही सभी तहसील और ब्लाक में होगा। सुबह पांच से सात बजे तक लगने वाले शिविर के लिए रजिस्ट्रे्शन भी किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम के अतिथि सांसद भरत सिंह, नगर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला और जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम होंगे। योग शिविर में दस हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जड़ी बूटी की लगेगी प्रदर्शनी
बलिया। गड़वार रोड स्थित शिवा विवाह मंडप में महिला पतंजलि योग पीठ की संगठन मंत्री प्रेमलता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। बैठक में स्टेडियम में होने वाले योगाभ्यास की जानकारी दी गई। प्रेमलता ने कहा कि यहां जड़ी-बूटी की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 26 जून से सहयोग शिक्षक का आयोजन मंडप में किया जाएगा। इस मौके पर मंडल प्रभारी डा. लालिमा, जिला प्रभारी मंजू, महामंत्री किरण, तहसील प्रभारी नीतू आदि मौजूद रहीं।
एनसीसी के कैडेट्स करेंगे योग
बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुखपुरा इंटर कालेज में एनसीसी के कैडेट्स भी योगाभ्यास का रिहर्सल करेंगे। इस दौरान एक हजार से अधिक कैडेट्स इसमें शामिल होंगे। एनसीसी कैडेट्स पिछले कई दिनों से सुखपुरा इंटर कालेज में शिविर में योगाभ्यास कर रहे हैं।
जिला कारागार के बंदी भी करेंगे प्राणायाम
बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला कारागार के बंदी भी वेदप्रकाश उपाध्याय के निर्देशन में योग साधना करेंगे। कारागार में बंदी पिछले पांच साल से योग साधना कर रहे हैं। योग दिवस को लेकर उनमें भी उत्साह नजर आ रहा है। योग, साधना के साथ-साथ कठिन प्रदर्शन भी करेंगे। इस मौके पर जेलर एके मिश्रा भी मौजूद रहेंगे।
योग कार्यक्रम स्थल का डीएम ने लिया जायजा
बलिया। दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती के उपलक्ष्य में तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के तैयारियों का जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच को थोड़ा सा बदलाव करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्रीडाधिकारी लक्ष्मीशंकर सिंह को तैयारियों पर लगातार नजर बनाये रखने का भी निर्देश दिया। इससे पहले जिले में आईं मण्डलायुक्त व डीआईजी ने भी योग कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि योग कार्यक्रम के लिए जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ नीलम सिंह को प्रमुख अधिकारी बनाया गया है। चार योगाचार्य रहेेंगे। योग कार्यक्रम तहसील व ब्लॉक स्तर पर ही कराया जाना है और वहां की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी है। योग स्थल स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था, शौचालय, पानी, एम्बुलेंस, दवा, एलईडी आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है। स्टेडियम में होने वाले योग के लिए तीन गेट से इंट्री होगी और वहीं रजिस्ट्रेशन होगा। योग प्रोटोकॉल 45 मिनट का होगा। योग कार्यक्रम में पम्पलेट भी दिया जाएगा। ताकि लोग घर जाकर भी योग कर सकें।
मन और शरीर के बीच में सामंजस्य बनाता है योग
दुबहर। सांसद आदर्श ग्राम ओझवलिया में नेहरू युवा केंद्र बलिया और स्वामी विवेकानंद युवा मंडल ओझवलिया की ओर से मंगलवार को योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान साधकों को अनुलोम विलोम, कपालभांति के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भूमि संरक्षण अधिकारी संजेश श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण गुप्ता, जिला युवा समन्वयक निहाल सिंह, ग्राम प्रधान विनोद दूबे, प्रभारी कमलेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। योग गुरु मोहन दूबे ने अनुलोम विलोम, कपालभांति, ताड़ासन, वृक्षाशन, मकराशन, प्राणायाम आदि के बारे में बारीकी से बताया। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी स्मारक समिति के प्रबंधक सुशील कुमार द्विवेदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, कौशल विकास योजना, स्किल इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल बीमा योजना आदि की जानकारी दी। मुख्य अतिथि संजेश श्रीवास्तव ने कहा कि योग स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए पूर्णतावादी दृष्टिकोण प्रदान करता है। योग जीवन के सभी पहलुओं में सामंजस्य बैठाता है। इस भाजपा नेता प्रमोद पांडेय ने कहा कि योग मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। मौके पर श्रीचन्द्र पाठक, स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के पिंटू राय, अक्षय कुमार, अभिषेक वर्मा, सरीयत अली, छोटू शर्मा, सागर गुप्ता, अंकित दूबे, विवेक दुबे, विक्की गुप्ता आदि मौजूद रहे।
योग मन-मस्तिष्क को करता है चंगा : डा. हैदर
बलिया (ब्यूरो)। विश्व योग दिवस के पूर्व संध्या पर मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर डा. हैदर अली खां ने योग से होने वाले लाभ के बारे में अपनी राय साझा की। कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन बसता है। योग शरीर के मन और मस्तिष्क को चंगा रखता है। बताया कि वर्षाें से मैं शरीर के विभिन्न अंगाें में दर्द को झेल रहा था। किसी ने योग गुरु स्व. जनार्दन तिवारी के बारे में बताया। उनके द्वारा बताए गए योग का अभ्यास किया। इससे मुझे नई जिदंगी मिल गई।