बलिया। सभासद द्वारा दुर्व्यवहार व धमकी मामले में नगर पालिका बलिया के कर्मचारी बुधवार को काम बंद कर हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों की मांग है कि जब तक दोषी सभासद की गिरफ्तारी नहीं की जाती, हड़ताल जारी रखेंगे। इतना ही नहीं नगरपालिका कर्मचारियों ने चेताया कि यदि दो दिनों के भीतर मांगों पर अमल नहीं किया गया है तो आवश्यक सेवाएं ठप कर दी जाएंगी। इस बीच पुलिस ने आरोपी वार्ड नंबर-16 के सभासद व अभियुक्त विकास पांडेय उर्फ लाला के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मालूम हो कि नगर पालिका परिषद बलिया में मंगलवार को वार्ड नंबर-16 के सभासद विकास कुमार पांडेय उर्फ लाला कुछ लोगों के साथ लिपिक प्रमोद कुमार चौरसिया से निर्माण कार्य से संबंधित पत्रवाली मांग रहे थे। जिस पर लिपिक ने बताया कि पत्रावली नहीं दे सकता। पत्रावली लेने के लिए ईओ से बात करनी होगी। इसके बाद सभासद व लिपिक में विवाद हो गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। इसके बाद सभासद ईओ के पास गए। जहां ईओ से भी दुर्व्यवहार किया। जिसके बाद नाराज कर्मचारियों ने लामबंद होकर कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ प्रदर्शन शुरू कर दिया। उधर, ईओ ने घटना की जानकारी जिलाधिकारी को दी था। इस दौरान कर्मचारियों ने सभासद एवं उनके साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की थी। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित प्रमोद के तहरीर पर सभासद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उधर, स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पालिका कर्मी के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले में आरोपी सभासद की दो दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने की दशा में आवश्यक सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।