बलिया। लोक सभा चुनाव के बाद गुरुवार को मतगणना के दिन पूरे दिन गांव से लेकर शहर तक के लोगों की निगाहें प्रत्याशियों के जीत हार पर टिकी रही। शहर में तो आलम यह रहा कि पूरे दिन माहौल शांत रहा और लोग टीवी व मोबाइल पर चिपके रहे। पूरे दिन खासकर दो प्रत्याशियों के बीच चल रहे उतार चढ़ाव से लोगों की धड़कनें भी कम अधिक होती रही।
मतगणना को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता रही। ऐसे तो लोग सुबह से ही घरों में टीवी से चिपके रहे। मतगणना सुबह आठ बजे से निर्धारित थी लिहाजा गांव से लेकर शहर तक के लोग मतगणना शुरु हुई कि नहीं, किधर से हो रही है, किसको अधिक मत मिला है आदि की जानकारी के लिए परेशान रहे। हालांकि इस बार निर्वाचन आयोग की ओर से ऑनलाइन काउंटिग की सूचना वेबसाइट पर प्रदर्शित करने का इंतजाम किया गया था जिसे लोग लगातार देखते रहे। उधर, पिछले कई दिनों से ईवीएम को लेकर उठ रहे सवाल और इसको लेकर बवाल होने की अंदेशा को लेकर भी लोग सहमे रहे और बाजारों में भी नाममात्र की भीड़ रही। आलम यह रहा कि घर हो या दुकान हर जगह लोग टीवी पर पूरे दिन चिपके रहे। इतना नहीं जो किसी काम से बाहर निकले वह भी मोबाइल पर मतगणना की जानकारी लेने में जुटे रहे। उधर, मतगणना स्थल पर भी बाहर सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी व अधिकारी परिणाम जानने को इच्छुक रहे। कई बार तो मीडिया कक्ष में लगे टीवी को देखने के लिए भी सुरक्षाकर्मी व अन्य कर्मचारी पहुंच जा रहे थे। कई बार तो पुलिस अधिकारियों को मीडिया कक्ष में टीवी देख रहे पुलिसकर्मियों को डांटना भी पड़ा।