बलिया। सातवें चरण का लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद मतगणना 23 मई को तिखमपुर स्थित मंडी परिषद परिसर में होगी। प्रशासन अब मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। जनपद के सभी सात विधान सभा क्षेत्रों में पड़े मतों की गणना के लिए 98 टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा कुल 14 आरओ टेबल भी होंगे। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में तीन रिजर्व टेबल भी रखे जाएंगे। इस तरह जिला प्रशासन की ओर से कुल 133 टेबलों पर ईवीएम मतों की गणना के लिए तैयारी की गई है। इसके अलावा 65 टेबलों पर सलेमपुर व बलिया लोक सभा क्षेत्र के ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलट सिस्टम) से मिले मतों की गणना कराई जाएगी। इसी तरह बलिया व लोक सभा क्षेत्र के पोस्टल बैलट की गणना के लिए कुल आठ टेबल लगाए जाएंगे।
पूर्व के चुुनावों में हुए मतगणना से इस बार लोक सभा चुनाव की मतगणना कुछ अलग होगी। इस बार कुल तीन तरह से पड़े मतों की गिनती कराई जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। हालांकि कार्मिक प्रभारी की ओर से इसके लिए कार्मिकों की तैयारी का काम पूरा कर लिया है। जिले में कुल सात विधान सभाएं हैं जो तीन लोक सभा क्षेत्रों में शामिल हैं। जिला प्रशासन की ओर से ईवीएम की मतगणना विधान सभा वार कराने की तैयारी की गई है। मतगणना के लिए प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में 14 टेबल लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में तीन टेबल रिजर्व रहेंगे। प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में दो आरओ टेबल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पहली बार ईटीपीबीएस से मिले मतों की गणना के लिए सलेमपुर लोक सभा क्षेत्र में 25 व बलिया लोक सभा क्षेत्र के लिए 40 टेबल लगाए जाएंगे। इसी तरह पोस्टल बैलट की गणना के लिए सलेमपुर व बलिया लोक सभा क्षेत्र के लिए चार-चार टेबल लगाए जाएंगे।
737 कर्मचारी करेंगे तीन तरह के मतों की गणना : बलिया। लोक सभा चुनाव में तीन स्तरों से पड़े मतों की गणना के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईवीएम के मतों की गणना के लिए कुल 532, ईटीपीबीएस से मिले मतों की गणना के लिए 157 व पोस्टल बैलट की गणना के लिए 48 कर्मियों की तैनाती की जाएगी। ईवीएम की मतगणना के लिए 133 मतगणना पर्यवेक्षक, 133 मतगणना सहायक व 133 माइक्रोआब्जर्वर के साथ 133 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारीकी तैनाती रहेगी। इसके अलावा ईटीपीबीएस की मतगणना के लिए सात सहायक रिटर्निंग अफसर, 65 मतगणना पर्यवेक्षक, 65 मतगणना सहायक के अलावा रिजर्व में 10 मतगणना पर्यवेक्षक व 10 मतगणना सहायक को तैनात किया जाएगा। पोस्टल बैलट की मतगणना के लिए आठ मतगणना पर्यवेक्षक, आठ माइक्रो आब्जर्वर, 16 मतगणना सहायक की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही इस मतगणना के लिए चार मतगणना पर्यवेक्षक, चार माइक्रोआब्जर्वर व आठ मतगणना सहायक रिजर्व रखे जाएंगे।
ईटीपीबीएस की गणना में क्यूआर कोड बताएगा जवान की पहचान : बलिया। लोक सभा चुनाव में इस बार सेना के जवानों को मत देने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलट सिस्टम) लागू किया गया है। बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के टॉप फाईव में जनपद भी सैनिकों की संख्या के मामले में शामिल है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बलिया लोक सभा क्षेत्र में शामिल करीब 12 हजार व सलेमपुर लोक सभा क्षेत्र में शामिल करीब आठ हजार सैनिकों को मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक लिफाफा भेजा गया है। इसके अलावा इन सैनिकों को इलेक्ट्रॉनिक मत पत्र भी भेजे गए हैं। अधिकारियों की मानें तो सैनिकों को तीन तरह 13 ए, 13 बी व 13 सी तीन तरह के भेजे गए इलेक्ट्रॉनिक लिफाफे पर 13 सी व 13 बी पर क्यूआर कोड होगा।
सैनिकों की ओर मतदान के बाद यह लिफाफे डाक से आएंगे जो 22 मई की शाम तक प्राप्त किए जाएंगे। इन मतों की गणना के लिए सबसे पहले 13 सी लिफाफे पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन करने पर पुस्टि होने के बाद खोले जाएंगे। इसके बाद 13 बी के क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा और उसमें संबंधित सैनिक का विवरण प्रदर्शित होगा जिसका मिलान करने के बाद ही इसे खोला जाएगा। इसके बाद 13 ए लिफाफे में रखे बैलट की गिनती की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से डाक विभाग के डाक सहायकों को स्कैनर के साथ ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह इन मतों की गणना के लिए पंचायती राज विभाग से 80 लैपटॉप भी मंगाए गए हैं। इन मतों की गणना के लिए बीटेक, बीसीए, बीबीए, एमसीए आदि करने वालेे कर्मियों को तैनात किया गया है।
राजपत्रित अधिकारी करेंगे पोस्टल बैलट की गणना : बलिया। पोस्टल बैलट से मिले मतों की गणना के लिए रिजर्व समेत कुल 48 कर्मियों की तैनाती की गई है। कार्मिक प्रभारी की मानें तो यह सभी कर्मी राजपत्रित अधिकारी होंगे।