बलिया। जिले के 35 स्कूलों पर मान्यता प्रत्याहरण की तलवार लटक गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव ने इन स्कूलों को नोटिस जारी कर एक महीने में मान्यता से संबंधित कार्रवाई को पूरा करने का निर्देश दिया है। इन स्कूलों के संचालकों ने एक दशक पहले अस्थाई मान्यता ली लेकिन अभी तक शर्तों को पूरा नहीं किया।
बताया जाता है कि वर्ष 2004 में शासन की ओर से शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हाईस्कूल व इंटर तक की मान्यता देने में छूट दी गई थी। इसमें प्रावधान किया गया था कि वह अस्थाई मान्यता लेकर शिक्षा का कार्य प्रांरभ करें लेकिन निर्धारित समयों में मान्यता के लिए निर्धारित सभी शर्तों को पूरा करेंगे। सालों बाद भी विद्यालयों की ओर से शर्तों के पूरा करने के बाबत रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद को नहीं मिली। इसको लेकर विधान सभा में आवाज उठने पर इस मामले को आश्वासन समिति को सौंप दिया गया। आश्वासन समिति ने इस मामले में माध्यमिक शिक्षा परिषद से रिपोर्ट मांगा है। इसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है और अब माध्यमिक शिक्षा विभाग क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव ने इन स्कूलों के प्रबंधकों को नोटिस देकर एक महीने में मान्यता से संबंधित शर्तों को जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से पूरा कराने का निर्देश दिया है। यह बताया है कि इस अवधि में स्कलों की ओर से मान्यता की शर्तों को पूरा नहीं करने पर इनके मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई कर दी जाएगी। अपर सचिव ने इसकी प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक को भी भेजा है। मान्यता लेने वाले सभी 35 स्कूल हाईस्कूल स्तर के हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 35 स्कूलों को नोटिस जारी कर मान्यता की शर्तों को पूरा करने का निर्देश दिया है। इस बाबत पत्र कार्यालय को भी प्राप्त हुआ है कार्रवाई की जा रही है। एक माह में शर्तों को पूरा नहीं करने वाले स्कूलों के मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति बोर्ड को भेज दी जाएगी। - अतुल तिवारी, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, बलिया