बैरिया। नगर पंचायत द्वारा लगभग 22 लाख की लागत से बैरिया में बनने वाले नाले का निर्माण की जांच मंगलवार को तहसीलदार शशिकांत मणि ने नगर पंचायत के अवर अभियंता विंध्यांचल गुप्ता की उपस्थिति में की। तहसीलदार ने प्राक्कलन और मौके पर हो रहे कार्य को देखते हुए प्रथम दृष्टया नाले के निर्माण को सही माना। उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
बताया जाता है कि बैरिया से भागड़ नाला बीबी टोला तक ढाई किमी लंबा नाला बनना है। पहले चरण में 22 लाख की लागत से 300 मीटर नाले का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। कुछ लोगों ने नगर पंचायत पर नाले के निर्माण मानक की अनदेखी का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत विधायक सुरेंद्र सिंह से की थी। विधायक ने जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने का आग्रह किया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को एसएचओ गगन राज सिंह ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य को रोकवा दिया था।