नरही। एनएच 31 पर बृहस्पतिवार को फिर से लगभग आठ घंटे तक करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बुधवार की रात में 11 बजे से जाम लगना शुरू हुआ, जो बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे तक लगा रहा।
भरौली गोलंबर से गाजीपुर मार्ग पर कोटवां नारायणपुर के आगे तक और भरौली गोलंबर से बलिया मार्ग पर लक्ष्मणपुर तक जाम रहा। इसकी वजह से बिहार के बक्सर से भोजपुर तक जाम लगा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भरौली गोलंबर से लक्ष्मणपुर तक जाम लगने के कारण बक्सर आने जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा। वहीं, गाजीपुर मार्ग पर जाम लगने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
रात भर छोटे-बड़े वाहन रेंगते नजर आए। गाजीपुर मार्ग पर चलने वाली यात्री बसें निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस वे की सड़क से जाने को मजबूर हुई। इस दौरान बक्सर ट्रेन पकड़ने वाले 50 से अधिक यात्रियों की ट्रेनें छूट गई।