कन्या विद्याधन अधिकार पत्र पाने के बाद खुश छात्राएं।
- फोटो : balia
स्थानीय गांधी इंटर कॉलेज के सभागार में रविवार को मेधावी 148 छात्राओं को संशोधित कन्या विद्याधन वर्ष 2016 का अधिकार पत्र पंचायती राज के सभापति व क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद रिजवी ने प्रदान किया। इस दौरान सबसे अधिक गंगोत्री इंटर कॉलेज सिकंदरपुर के 56 छात्राएं अधिकार पत्र प्राप्त कीं।
इस अवसर पर रिजवी ने कहा कि सपा सरकार के कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है। चुनाव पूर्व जो भी वादे किए गए थे, सभी वादों को पूरा कर दिया गया। आज प्रदेश सरकार केवल प्रदेश का विकास करने में लगी हुई है। तेजी से पूरे प्रदेश में बिजली सड़क शिक्षा चिकित्सा पानी के साथ ही कानून व्यवस्था पर कार्य किय जा रहा है।
लेकिन अन्य दल प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से घबराकर अनर्गल दुष्प्रचार करने में लगे हुए हैं। कहां कि गांव को जनेश्वर मिश्रा व लोहिया गांव के रूप में चयनित कर तेजी से विकसित किया जा रहा है, वहीं शहरों को भी पर्याप्त धन देकर विकसित किया जा रहा है। जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से प्रदेश सरकार के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। केंद्र सरकार से मिलने वाला प्रदेश का पैसा नहीं दिया जा रहा है उसके बावजूद भी तेजी से प्रदेश का विकास किया जा रहा है।
बेल्थरारोड प्रतिनिधि के अनुसार, गांधी मोहम्मद अली मेमोरियल इंटर कालेज के सभागार में रविवार को छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 250 छात्राओं को कन्या विद्याधन का चेक प्रदान किया गया। चेक पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर विधायक गोरख पासवान, एसडीएम अरविंद राय, डीआईओएस रमेश सिंह, प्रधानाचार्य माजिद नासीर, अतुल कुमार, प्रफुल्ल कुमार, संजय यादव, सुशील श्रीवास्तव के साथ ही काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।