दयाछपरा। भीषण गर्मी में भूजल स्तर खिसकने लगा है जिससे नलकूपों ने पानी देना बंद कर दिया है। ऐसे में सब्जी की फसल की सिंचाई की समस्या पैदा हो गई है। इसको लेकर किसान परेशान हैं। यही स्थिति रही तो सब्जियों का उत्पादन घटेगा और सब्जियों के दाम चढ़ जाएंगे।
अप्रैल के महीने में ही खेतों लगे नलकूपों ने पानी देना बन्द कर दिया है। सब्जी किसान अपने खेतों में प्याज, लौकी, भिंडी, सतपुतिया, बरबट्टी आदि सब्जी का खेती तो कर दिए हैं लेकिन नलकूपों से पानी न निकलने के कारण खेत सूखने के कगार पर आ गए हैं। किसानों की मानें तो पानी का सतह नीचे चले जाने के कारण पंप उसे नहीं खींच पा रहे हैं और इसके चलते नलकूपों से पानी नहीं निकल रहा है। किसानों का कहना है कि आठ से 10 फुट नीचे पंप लगाने पर शायद पानी मिल सके लेकिन यह काम भी आसान नहीं है और कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सब्जी किसान प्रगास वर्मा का कहना है कि इस प्रचंड गर्मी में खेतों की सिंचाई हर चौथे-पांचवें दिन करना पड़ता है, ऐसे में सिंचाई नहीं होने पर सब्जी की फसलें सूख जाएंगी। पांडेयपुर के किसान दयानन्द मिश्र का कहना है कि पानी के अभाव में मक्का की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गया है। किसानों ने कहा कि यही हाल रहा तो गर्मी के मौसम में होने वाली खेती बर्बाद हो जाएगी।