बलिया/बेल्थरारोड। मौसम का मिजाज धीरे-धीरे तल्ख होता जा रहा है। आसमान से अंगारे बरस रहे है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। यहां तक कि रविवार को पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। ऐसे में गर्म हवा और लू का असर आम जनजीवन पड़ा है।इससे दोपहर के समय नगर की सड़कें सूनी पड़ जा रही हैं। भीषण गर्मी और लू की तपिश से बचने की जुगत में हर कोई घर से निकलने में सहम रहा है। नगर के चौक बाजार में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। आलम यह है कि बाजार या सड़क पर निकलने वाले युवा और युवतियां अपने सिर पांव तक कपड़े से ढक कर निकल रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को जिले का तापमान अधिकतम 43 और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों से लगातार पारा के चढ़ने से असर जनजीवन पर पड़ा है। ऊपर से चल रही भीषण गर्म हवाओं से मानव ही नहीं पशु-पक्षी भी लू और गर्मी से बिलबिलाते नजर आ रहे हैं। वैशाख मास के शुरुआत से भीषण गर्मी की दस्तक ने सभी को सकते में ला दिया है। वहीं सरकारी हैंडपाइप भी कई स्थानों पर खराब पड़े हुए हैं। नगर में पालिका प्रशासन की ओर से लगाए गए आरओ भी पानी नहीं दे रहे है। जबकि बाजार में आए लोगों को अपनी प्यास खरीदे हुए बोतलों बुझानी पड़ रही है। ऐसे में लू लगने से बीमार होने वालों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों की माने तो लू से बचाव के लिए पेट में भरपूर मात्रा में पानी होनी चाहिए।
बेल्थरारोड प्रतिनिधि के मुताबिक भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से हर कोई अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह से ही आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। बहुत जरूरी होने पर ही लोग अपना सिर और मुंह बांधकर बाहर निकल रहे हैं। तपती धूप और गर्म हवा के झोंके से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि गर्मी का पूरा महीना अभी बाकी है। अप्रैल में भीषण गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले समय में गर्मी में बढ़ोतरी और तीव्र हो जाएगी।
इनसेट