बलिया। मौसम के बदलाव व खानपान सही नहीं होने से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। अस्पताल में खून में संक्रमण के ज्यादा मामले आ रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो खून में संक्रमण होने के कारण ही लोग बुखार, एलर्जी, पेट की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को महाशिवरात्रि की छुट्टी के दूसरे दिन करीब 1323 मरीज इलाज कराने ओपीडी में पहुंचे। फिजिशियन की ओपीडी में सबसे ज्यादा 262 मरीज आए। इसमें खून जांच के बाद करीब 23 मरीजों को खून में संक्रमण होने के कारण पेट में दर्द, बुखार व एलर्जी की परेशानी की समस्या हो रही थी।
डॉक्टर पंकज झा ने कहा कि इस समय वायरल बुखार व सर्दी जुकाम के अलावा सबसे ज्यादा खून में संक्रमण की समस्या वाले मरीज आ रहे हैं। मरीजों की खून की जांच कराने के बाद संक्रमण की जानकारी मिल रही है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर देख भर्ती भी करना पड़ रहा है।