सिकन्दरपुर। थाना क्षेत्र के बसारीपुर दियारा में गुरुवार की देर शाम खेत में जलाए गए अवशेष से निकली चिंगारी रिहायशी झोपड़ियां तक पहुंच गई और देखते देखते यादव व मल्लाह बस्ती में पहुंच कर कहर बरपाना शुरू कर दिया। जब तक लोग आग पर काबू पाते एक महिला झुलस गई। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वहीं, घटना में तीन गाय, दस बकरियां आदि भी मर गईं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम किसी ने बसारीपुर गांव के दियारा में मशीन से कांटे गए खेत के बचे अवशेष को जला दिया। हवा तेज होने से आग धीरे-धीरे बस्तियों तक पहुंच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान अपना सामान निकालने में राधिका उम्र 55 वर्ष पत्नी लाल बहादुर झुलस गई। उन्हें आसपास मौजूद लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल भेज दिया। परिजन मऊ ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, बल्ली यादव की तीन झोपड़ी व दो गाय तीन बकरी जलकर मर गई। बिनोद यादव की एक गाय व तीन बकरी जलकर मर गई। अरविंद यादव की तीन मड़ई, अशोक यादव की पांच मड़ई, उमा यादव की तीन मड़ई, अजय यादव की तीन मडई, प्रमोद की दो मड़ई, परशुराम की तीन मड़ई, हरिंदर की दो मड़ई समेत 28 अन्य मड़ई भी जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन झोपड़ियों में रखा खाने पीने का सामान सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।