बलिया। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विद्युत बकाएदारों के खिलाफ अभियान में दो बड़े बकाएदारों के यहां एसडीएम सदर अश्वनी कुमार श्रीवास्तव तथा सदर तहसीलदार गुलाब चंद्रा के नेतृत्व में टीम ने पहुंचकर पांच लाख रुपये जमा कराया। जबकि एक बेल्डिंग की दुकान पर बकाए बिजली बिल जमा न करने पर उसे सील करा दिया गया। नगर के नारायणी सिनेमा घर पर पांच लाख रुपये टीम के अफसरों ने जमा कराया।
वहीं दूसरी ओर नगर के कई इलाकों में विद्युत वितरण खंड दो के अधिशासी अभियंता मनीष झा के निर्देश पर बिजली चोरी रोको, बकाया वसूली और विच्छेदन अभियान चलाया गया। जिसमें नगर के स्टेशन रोड पर करीब पांच दर्जन से अधिक कनेक्शन जांच किए गए। इस दौरान दर्जनों कनेक्शन विद्युत बिल बकाए के चलते काट दिए गए। वहीं करीब तीन लाख की वसूली बकाएदारों से की गई। इस दौरान कुल चार लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा कराया गया।
अधिशासी अभियंता मनीष झा व सहायक अभियंता मिथिलेश कुमार बिंद के नेतृत्व में अवर अभियंता मुकेश सिंह, टंकेश मिश्रा आशुतोष पांडेय की अलग-अलग टीमों ने स्टेशन रोड के कई दुकानों और मकानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान अवैध कनेक्शन और बकाएदारों के यहां विद्युत बिल चेक किया गया। जिससे दुकानदारों में अफरा-तफरी मची रही। कई विद्युत कनेक्शनधारियों के पास बिजली का बकाया मिला। जिससे मौके पर ही करीब तीन लाख रुपये की वसूली की गई। जबकि चार लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। टीम को देखकर कुछ दुकानदारों ने अपने हाथों से ही कटिया कनेक्शन हटा दिया।