गांव व किसानों की समृद्धि से ही देश का विकास है संभव: रघुवंशी
सांसद आदर्श गांव मिर्जापुर में आयोेजित किया गया पशु आरोग्य मेला शिविर और गोष्ठी
अमर उजाला ब्यूरो
रसड़ा। गांव किसान जब तक समृद्ध नहीं होंगे, देश के समग्र विकास की संकल्पना को साकार नहीं किया जा सकता। इस दिशा में उन्नत खेती और पशुपालन गांव के विकास के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। उक्त बातें क्षेत्र के सांसद आदर्श गांव मिर्जापुर के मंदिर प्रांगण में मंगलवार को आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर मेला और पशुपालन गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि भाजपा गोरक्ष प्रांत के सह संयोजक बब्बन सिंह रघुवंशी ने कहीं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. अशोक मिश्रा ने पशुपालकों को सरकार की महत्वाकांक्षी पशुपालन की योजनाओं का लाभ उठाने और किसानों को समय से पशुओं का उपचार कराने की बात कही। डा. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि खुरपका और मुंहपका जानवरों में होने वाली यह ऐसी बीमारी है, जिसमें जानवरों के मुंह में छाले पड़ जाते हैं और पैरों में इनके खुर पक जाते हैं। यह एक प्राणघातक बीमारी है। पशुओं की चिकित्सा डॉ. मंतराज यादव, डॉ. बद्री प्रसाद पाठक, डॉ. वेदप्रकाश यादव, डॉ. संजय सिंह, डॉ. ऋषिकेश कुमार द्वारा किया गया। डा. सुनील सिंह ने आभार जताया। इस मौके पर पशु चिकित्साधिकारी चिलकहर डा. रमेश यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालबहादुर राजभर, शिवसागर दास, पूर्व प्रधान सुदर्शन राजभर, ग्राम प्रधान मोतिरा आत्मा राजभर, श्याम नारायण, राम कठिन, बालचंद्र, घूरहू प्रसाद, भोला सिंह, प्रधान उषा देवी मौजूद थीं। संचालन डा. संजय श्रीवास्तव ने किया।