रसड़ा। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने मंगलवार को तहसील और नवीन मंडी स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली कई खामियों पर अधीनस्थों को फटकार लगाई। कहा व्यवस्था दुरुस्त रखा जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
तहसील के निरीक्षण में उन्होंने रजिस्टर नंबर 4 में जमा धनराशि के बारे में जानकारी हासिल की तथा उपभोक्ता प्रभार के पैसे का हिसाब भी लिया। उन्होंने कहा उपभोक्ता प्रभार के पैसे से अवस्थापना सुविधाएं जैसे -सोलर लाइट कंप्यूटर, समरसेबल, अलमारी.वाटर कूलर आदि ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि 10 सालों में जो तालाब के पट्टे दिए गए हैं उनसे जो जमा धनराशि जमा हुई है उसका लेखा-जोखा दुरुस्त रखा जाए। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर मातहतों को जमकर फटकार लगाई। धारा122 बी और धारा 34 के मुकदमों के निस्तारण की स्थिति ठीक नहीं पायी गयी। नाराजगी जाहिर करते हुए मुकदमों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा।
नवीन मंडी स्थल के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पूरी मंडी की जमीन 23.85 एकड़ है, जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिए कि मंडी की पूरी जमीन की नाप करा ली जाए। कहा कि वर्ष 17-18 मे केंद्रवार खरीद की स्थिति से अवगत कराया जाए। एसडीएम को निर्देश दिया कि राइस मिल की चेकिग करें तथा मण्डी सचिव को केन्द्रो का निरीक्षण करने को कहा। चेताया कि खाद्यान्न की कालाबाजारी किसी भी दशा मे नही होने दी जाएगी। ब्लाक अन्त्योदय ग्राम मन्दा मे आयोजित जनता चौपाल में जन समस्याएं सुनी तथा उनके निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि पेन्शन व प्रधानमंत्री आवास योजना मे कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। उन्होने प्रधानमन्त्री आवास योजना मे आवंटित 61 आवास को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।